प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–07 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
विकास योजनाओं में लाएं दृश्यमान बदलाव, जनोपयोगी कार्यों से पंचायतों की बदलेगी तस्वीर — जिलाधिकारी
• साप्ताहिक समन्वय बैठक में जिलाधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की
• राजस्व मामलों में बेहतर निष्पादन पर सराहना
• नगरनौसा डिग्री कॉलेज भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने का निर्देश
• मॉडल स्कूलों में सैनिटरी वेंडिंग मशीन की होगी व्यवस्था
*बिहारशरीफ:* समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय-सह-समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, लोक शिकायत निवारण तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न प्राथमिकताओं की गहन समीक्षा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट समय-सीमा के भीतर कार्य निष्पादन का निर्देश दिया गया।
राजस्व एवं दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 81 प्रतिशत तक निष्पादन उपलब्धि पर संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।
नगरनौसा में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज हेतु भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के क्रम में उन्होंने निर्देश दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विधि-सम्मत संवाद स्थापित करते हुए अधिग्रहण की प्रक्रिया को अविलंब पूरा कराएं।
वहीं, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) को अपने-अपने स्तर पर नियमित समीक्षा कर मामलों के त्वरित निष्पादन एवं स्पष्ट प्रगति दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य प्रक्षेत्र की समीक्षा के दौरान 'एनीमिया मुक्त भारत' अभियान के तहत नूरसराय प्रखंड में प्रगति की गति को तीव्र करने का निर्देश दिया गया। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा में राशन कार्ड निर्गमन के मामले में जिले के निचले पायदान पर रहने को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रदर्शन सुधारने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य कर रहे प्रखंडों—जहाँ डीलरों के माध्यम से विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं और सर्वोत्तम प्रथाओं के वीडियो साझा किए जा रहे हैं—से अन्य प्रखंड सीख लें। कुछ प्रखंडों के उत्कृष्ट और कुछ के पिछड़ने की स्थिति में 'नॉलेज शेयरिंग' अत्यंत आवश्यक है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा में साप्ताहिक लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में आवेदन सृजन की गति सराहनीय है, किंतु इंस्टॉलेशन कन्वर्जन दर को कम से कम 50 प्रतिशत तक ले जाने की आवश्यकता है। अनुरक्षक भत्ता भुगतान के संबंध में समीक्षा करते हुए बताया गया कि आवश्यक आवंटन प्राप्त होते ही शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा।
सरकार की महत्वाकांक्षी विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत से प्राथमिकता के आधार पर लगभग 10 ऐसी योजनाओं का चयन किया जाए, जिससे धरातल पर प्रत्यक्ष एवं दृश्यमान बदलाव (विजिबल डिफरेंस) परिलक्षित हो। निर्देश दिया गया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों, उप स्वास्थ्य केंद्रों के जीर्णोद्धार, वृक्षारोपण, भवनों के रंग-रोगन, चबूतरा निर्माण और पहुंच पथों की साफ-सफाई जैसी जनोपयोगी योजनाओं का चयन पूरी गंभीरता व रचनात्मकता से करें।
जिले के घोषित मॉडल स्कूलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने स्मार्ट क्लास, नियमित होमवर्क, लेसन प्लान, कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल क्लास, प्रयोगशाला व पुस्तकालय के सुचारू संचालन, खेल-कूद तथा असेंबली में 'थॉट ऑफ द डे' व समाचार-पत्र पाठन के अनुभवों को साझा किया। जिलाधिकारी ने सभी मॉडल स्कूलों में बालिकाओं हेतु सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन अधिष्ठापित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण के निर्माण हेतु 'टीचर ऑफ द वीक' जैसे अभिनव कार्यक्रम संचालित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु पृथक कक्षाएं चलाने, नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित करने और विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने का स्पष्ट निर्देश दिया।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
Bihar Health Department
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Energy Department, Bihar
1 views | Nalanda, Bihar | Sep 7, 2026