बाबा सिद्धनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मखदुमपुर। सावन के अंतिम शनिवार को वाणावर पहाड़ी पर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बिहार के अलग-अलग जिलों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। अनुमान के मुताबिक 30 हजार से अधिक लोगों ने बाबा सिद्धनाथ का दर्शन कर जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वाणावर क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। हर-हर महादेव और बोल बम के उद्घोष से पहाड़ी परिसर गूंजता रहा। मंदिर पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद जलस्रोत में स्नान किया। इसके बाद निर्धारित मार्ग से मंदिर पहुंचकर मुख्य द्वार पर स्थापित अर्घा व्यवस्था के माध्यम से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर से लेकर पहाड़ी मार्ग तक पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों और जवानों ने भीड़ की निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखा।
मंदिर प्रबंधक भानु प्रताप उर्फ गुड्डू बाबा ने बताया कि अंतिम शनिवार को 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास नहीं करने और शांति बनाए रखने का आग्रह किया।