भूमि विवाद के समाधान को लेकर सातों अंचलों में लगा शनिवारीय जनता दरबार
जहानाबाद। जिले में भूमि विवाद एवं भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को सभी सात अंचलों में शनिवारीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। विभागीय निर्देश एवं जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के दिशा-निर्देश पर संबंधित अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों ने संयुक्त रूप से मामलों की सुनवाई की। इस दौरान दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
शनिवार को आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से कुल 25 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि छह मामलों का निष्पादन किया गया। इसके अलावा पूर्व से लंबित मामलों की भी सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
घोसी अंचल में नौ आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें चार मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि पांच मामले प्रक्रियाधीन हैं। हुलासगंज में पांच नए आवेदन मिले, जिन्हें अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया। जहानाबाद अंचल में चार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया। रतनी फरीदपुर में दो आवेदन प्राप्त हुए।
मोदनगंज में तीन मामलों की सुनवाई हुई, जिसमें दो पुराने और एक नया मामला शामिल था। काको में पूर्व से नोटिस जारी पांच मामलों की सुनवाई की गई। इनमें दो मामलों का निष्पादन किया गया, जबकि तीन मामलों में पुनः नोटिस जारी किया गया। वहीं, मखदुमपुर में चार नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ भूमि विवादों की नियमित सुनवाई करने तथा मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का उद्देश्य भूमि विवादों का स्थानीय स्तर पर शांतिपूर्ण समाधान कर आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाना है।