कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र आयोजित, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के निर्देशानुसार शनिवार की रात्रि जिले के सभी थाना परिसरों में थानाध्यक्षों की देखरेख में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र आयोजित किया गया।
इस विशेष सत्र का उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन तथा केस डायरी लेखन में अनुसंधानकर्ताओं के सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करना रहा। इस दौरान अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी को व्यवस्थित एवं तथ्यपरक तरीके से तैयार करने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लंबित मामलों में तेजी लाने, अनुसंधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा कांडों के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस सत्र से अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी लेखन से संबंधित समस्याओं के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।