जिला पदाधिकारी ने की टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा; मरीजों की समयबद्ध स्क्रीनिंग, उपचार एवं निश्चय पोर्टल पर शत-प्रतिशत डेटा अपलोड करने का निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, उपचार, मरीजों के परिवार के सदस्यों को दी जाने वाली निवारक दवाओं तथा निश्चय पोर्टल पर आवश्यक सूचनाओं के समयबद्ध अद्यतन की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि टीबी मरीजों के परिवार के सदस्यों को टीबी से बचाव के लिए दी जाने वाली निवारक दवाएं शत-प्रतिशत एवं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही इससे संबंधित सभी विवरण निश्चय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।
उन्होंने टीबी मरीजों की अन्य आवश्यक जांचों से संबंधित विवरण भी निश्चय पोर्टल पर समयबद्ध रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी स्क्रीनिंग में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। बिना आवश्यकता के संवेदनशील आबादी की श्रेणी में व्यक्तियों की संख्या नहीं बढ़ाई जाए। जिन व्यक्तियों में टीबी के लक्षण पाए जाते हैं, उनकी समय पर स्क्रीनिंग कर बीमारी की शीघ्र पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने इलाजरत सभी टीबी मरीजों से संबंधित TPT एवं Differentiated TB Care का डेटा शत-प्रतिशत निश्चय पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारियों को अभियान की सभी निर्धारित गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करने तथा डेटा की शुद्धता एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर समाहर्ता विशेष कार्यक्रम, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन सहित सभी चिकित्सा पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।