नवनिर्मित झुनाठी थाना भवन का एसपी ने किया निरीक्षण, सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने नवनिर्मित झुनाठी थाना भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की गुणवत्ता, आधारभूत संरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा पदाधिकारियों एवं सिपाहियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए। उन्होंने भवन एवं परिसर में तकनीकी सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से ध्यान रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना भवन में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण के साथ आम लोगों को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) एवं परसबिगहा थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।