मखदुमपुर बाजार में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, छह लाख नकदी समेत जेवरात ले गए चोर
मखदुमपुर। मखदुमपुर बाजार के लरौआ मोहल्ले में शुक्रवार की दोपहर एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गृहस्वामी के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने करीब 30 लाख रुपये के सामान की चोरी होने का अनुमान जताया है।
बताया गया कि गृहस्वामी मखदुमपुर बाजार में मेडिकल दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी शिक्षिका हैं। शुक्रवार की सुबह दोनों नाश्ता करने के बाद घर में ताला लगाकर अपने-अपने काम पर चले गए। पति मेडिकल दुकान पर चले गए, जबकि पत्नी विद्यालय चली गईं। शाम को जब पत्नी घर लौटीं और मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचीं तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए।
जांच के दौरान पता चला कि चोर छत के रास्ते मकान में प्रवेश कर वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से निकल गए। पीड़ित ने बताया कि उनकी मां बीमार हैं और गया के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इलाज के लिए घर में करीब छह लाख रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी चोर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार की देर शाम मखदुमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने के बाद चोरी गए सामान और वास्तविक नुकसान का स्पष्ट आकलन हो सकेगा। घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दे दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में डॉग स्क्वायड और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद ली जाएगी। इसके साथ ही बाजार और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।