महाविद्यालयों में विशेष शिविर लगाकर नवीन मतदाताओं को किया जागरूक
===
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रताप नारायण यादव के मार्गदर्शन में जिले के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को विशेष शिविरों का आयोजन गया। इन शिविरों का उद्देश्य महाविद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं को जागरूक करना है, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 56 जबेरा एवं तेंदूखेड़ा के महाविद्यालयों में शिविर आयोजित कर छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं विधानसभा क्षेत्र 57 हटा के शासकीय राघवेन्द्र सिंह हजारी महाविद्यालय में मास्टर ट्रेनर माधव पटेल ने विद्यार्थियों को निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक किया।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 54 पथरिया के शासकीय महाविद्यालय माधवराव सप्रे में नायब तहसीलदार सुश्री दीपमाला सिंह ने नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के संबंध में छात्र-छात्राओं को प्रारूप-6 आवेदन पत्र की जानकारी दी तथा फार्म वितरित किए।
शिविर के दौरान महाविद्यालयों में ऐसे विद्यार्थियों की जानकारी एकत्रित की गई, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हैं। यह जानकारी संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे विद्यार्थियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्यवाही पूर्ण कर सकें।
इस पहल के माध्यम से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
1 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026