सुनार नदी में मिली महिला की लाश का खुला राज, गला दबाकर पुल से नीचे फेंका था शव; चार महीने बाद आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने किया खुलासा
दमोह। नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी में चार महीने पहले मिले अज्ञात महिला के शव के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका की पहचान सागर निवासी अर्चना कोरकू के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में छतरपुर जिले के बरेठी निवासी 24 वर्षीय ट्रक चालक हरिराम उर्फ कल्लू यादव को गिरफ्तार किया है।
गला दबाकर हत्या की, फिर नदी में फेंका शव
मामले का खुलासा शुक्रवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने किया। इस दौरान देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 2 महीने पूर्व ही महिला प्रेम प्रसंग के चलते संपर्क में आई थी। जिससे पीछा छुड़ाने की मनसा से रात सुनसान जगह पर ले जाकर गला दबा दिया इसके बाद नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंकने की बात स्वीकार की है।
मोबाइल की कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस
17 जुलाई को नदी किनारे महिला का शव मिलने के बाद उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के जिलों में पतासाजी शुरू की। इसी दौरान जबलपुर के घमापुर थाने में दर्ज अर्चना की गुमशुदगी की जानकारी मिली। परिजनों से संपर्क कर शव की पहचान कराई गई। इसके बाद मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
छतरपुर से किया गिरफ्तार
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने इनाम घोषित कर विशेष टीम गठित की थी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 20 नवंबर को आरोपी को उसके गांव बरेठी, जिला छतरपुर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
@highlight
Damoh, Damoh | Nov 20, 2026