नाबालिग की मौत के मामले में नया मोड़, आरोपी युवतियों ने खुद को बताया निर्दोष; पुलिस जांच पर उठाए सवाल
जेल जाने से पहले मीडिया के सामने दिया बयान, कहा- मृतक के परिजनों के कहने पर फंसाया जा रहा; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
दमोह देहात थाना क्षेत्र में अक्टूबर माह में नाबालिग द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच के आधार पर दो युवतियों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक जबलपुर और दूसरी दमोह की रहने वाली है। आरोप है कि दोनों युवतियां नाबालिग पर प्रेम प्रसंग और शादी संबंधी बातचीत के लिए दबाव बना रही थीं।
न्यायालय में पेशी और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। हालांकि, जेल जाने से पहले एक आरोपी युवती ने मीडिया के सामने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस की जांच पर सवाल खड़े किए। युवती का आरोप है कि उसे मृतक के परिजनों के कहने पर झूठे मामले में फंसाया गया है। उसने दावा किया कि पुलिस ने पूरी जांच किए बिना ही कार्रवाई की और उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं हैं।
आरोपी युवती के इस बयान का वीडियो शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसके आरोपों के बाद मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। फिलहाल दोनों युवतियां न्यायालय के आदेश पर जेल में हैं।
Damoh Police
Damoh, Damoh | Nov 20, 2026