गूड़ा में 10 वर्षीय मासूम की हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तार, दादा ने जताई पोते की नरबलि दिए जाने की आशंका
छत-विक्षत अवस्था में मिला था मासूम का शव, एक दिन पहले ही एसपी आनंद कलादगी ने किया था मामले का खुलासा
दमोह जिले के गुड़ा गांव में 10 वर्षीय अभिषेक अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी 19 वर्षीय कमलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया है। एसपी आनंद कलादगी ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद और पुरानी जमीन रंजिश हत्या की वजह बनी। आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
अभिषेक 10 नवंबर को घर से लापता हुआ था। छह दिन बाद उसका शव गांव के खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला था। इधर, मृतक के दादा परतू अहिरवार ने आज शनिवार दोपहर 3 बजे शव की हालत देखकर नरबलि की आशंका जताई है। उनका दावा है कि एक हाथ और पैर की उंगलियां कटी थीं तथा सिर में केवल हड्डी बची थी। हालांकि, पुलिस को नरबलि से जुड़े साक्ष्य नहीं मिले हैं। आरोपी को एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस घटना के विभिन्न पहलू और संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच में जुट गई है।
Damoh Police
Collector Office Damoh
Damoh, Damoh | Nov 21, 2026