एसपी ने किया अंधेकत्ल का खुलासा: गूडा में 10 साल के मासूम की पटाखा फोड़ने पर हुए विवाद के चलते कर दी थी निर्मम हत्या
19 वर्षीय युवक ने दिया था वारदात को अंजाम, आरोपी गिरफ्तार, एसपी आनंद कलादगी ने किया मामले का खुलासा
दमोह। तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गूढ़ा में 10 वर्षीय मासूम अभिषेक अहिरवार की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए गांव के ही 19 वर्षीय युवक कमलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में पटाखा फोड़ने पर हुए विवाद और मासूम द्वारा गाली गलौच को लेकर हुए विवाद के चलते गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया है। घटना में वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी आनंद कलादगी ने आज शुक्रवार शाम 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में खुलासा करते हुए बताया कि विगत 10 नवंबर को अभिषेक के लापता होने की सूचना पर तेजगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया था। छह दिन तक तलाश के बाद 16 नवंबर को गांव के ही एक खेत से बालक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान अभिषेक अहिरवार के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम और घटनास्थल के निरीक्षण में हत्या की आशंका सामने आने पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराएं बढ़ा दी थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आनंद कलादगी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। प्रशिक्षु डीएसपी शिवप्रसाद कंगाली ने विवेचना की कमान संभाली। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गांव के ही कमलेश को हिरासत में लिया गया, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Damoh Police
Collector Office Damoh
Damoh, Damoh | Nov 20, 2026