कार्डियक अरेस्ट से 39 वर्षीय डॉक्टर की मौत, जिला अस्पताल में शोक की लहर; नम आंखों से दी गई विदाई
पांच साल से जिला अस्पताल में दे रहे थे सेवाएं, सुबह सीने में दर्द और गले में जलन के बाद बिगड़ी तबीयत; गृह ग्राम बक्सवाहा में होगा अंतिम संस्कार
दमोह। जिला अस्पताल में पदस्थ 39 वर्षीय डॉक्टर मधुर जैन का आज शुक्रवार सुबह कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनके असमय निधन की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में शोक की लहर दौड़ गई। साथी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। मिलनसार स्वभाव और हंसमुख व्यक्तित्व के चलते वे अस्पताल के कर्मचारियों के साथ शहरवासियों के बीच भी काफी लोकप्रिय थे।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे डॉक्टर मधुर जैन को सीने में दर्द और गले में जलन हुई। उन्होंने इसे एसिडिटी समझा। पत्नी ने सीने की मालिश कर गैस की दवा दी। कुछ देर बाद उल्टी होने पर उन्हें राहत महसूस हुई और वे सो गए। सुबह 7 बजे पत्नी ने देखा तो वे अचेत अवस्था में थे और उनकी पल्स नहीं चल रही थी। तत्काल साथी डॉक्टरों को सूचना दी गई और उन्हें जिला अस्पताल लाया गया।
यहां ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी, डॉ. दिवाकर पटेल सहित अन्य चिकित्सकों ने उपचार के प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉ. दिवाकर पटेल ने सुबह 11 बजे जानकारी देते हुए बताया कि वे सूचना मिलते ही उनके घर पहुंचे थे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद जान नहीं बच सकी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है।
डॉ. मधुर जैन पिछले पांच वर्षों से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से चिकित्सा जगत और जिले में शोक का माहौल है। परिजन पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बक्सवाहा ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Damoh Police
Collector Office Damoh
CM Madhya Pradesh
Narendra Modi
Damoh, Damoh | Nov 20, 2026