प्रेस विज्ञप्ति
लखीसराय जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
लखीसराय जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। माननीय प्रभारी मंत्री, लखीसराय जिला-सह-मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार, श्री सुनील कुमार, माननीय विधायक, सूर्यगढ़ा श्री रामानंद मंडल, आदरणीय प्रभारी सचिव श्री कंवल तनुज (IAS) स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुँचाने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
राहत एवं बचाव कार्यों के तहत की जा रही प्रमुख व्यवस्थाएँ—
• बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में NDRF/SDRF की टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से लगी हुई हैं।
• सम्राट अशोक भवन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण हेतु फूड पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा है।
• बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक रसोई (Community Kitchen) की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
• प्रभावित क्षेत्रों में शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
• बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं राहत-बचाव कार्य के लिए नावों की व्यवस्था की जा रही है।
• बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए पशु चारा उपलब्ध कराया जा रहा है तथा पशु चिकित्सा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
• प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार अन्य राहत सामग्री एवं मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उक्त सभी राहत एवं बचाव कार्य बड़हिया, पिपरिया, लखीसराय एवं सूर्यगढ़ा प्रखंडों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा जा रहा है।