प्रेस विज्ञप्ति
माननीय मंत्री ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार - सह - प्रभारी मंत्री महोदय श्री सुनील कुमार द्वारा बाढ़ की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
राहत सामग्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया भ्रमण
लखीसराय, 06 सितंबर 2026। माननीय मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री महोदय लखीसराय श्री सुनील कुमार की अध्यक्षता में आज जिला NIC सभागार में जिले में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार सहित जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान माननीय मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार - सह - प्रभारी मंत्री महोदय ने जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्यों, नावों की उपलब्धता, सामुदायिक रसोई, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, पशु चारा, बिजली आपूर्ति तथा आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत एवं आवश्यक सामग्री समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक टीम लगातार सक्रिय रहकर स्थिति की निगरानी करे।
माननीय मंत्री ग्रामीण कार्य विभाग सह प्रभारी मंत्री महोदय ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में आमजनों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक के उपरांत माननीय मंत्री ग्रामीण कार्य विभाग बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार ने राहत सामग्री से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री का वितरण जरूरतमंद एवं प्रभावित परिवारों तक पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
इसके पश्चात माननीय मंत्री द्वारा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की भी जानकारी ली और अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने माननीय प्रभारी मंत्री को जिले में बाढ़ को लेकर की गई तैयारियों एवं संचालित राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से संचालित किया जा रहा है।