"हर घर तिरंगा" अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के लिए जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नागरिक समाज, मीडिया एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ किया संवाद
समाहरणालय, जहानाबाद में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में 9 से 17 अगस्त, 2026 तक आयोजित होने वाले "हर घर तिरंगा" अभियान के सफल संचालन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नागरिक समाज, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों एवं अन्य प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवादात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता एवं नागरिक कर्तव्य की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने तथा प्रत्येक घर, संस्थान एवं प्रतिष्ठान पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएँ, रंगोली, प्रदर्शनी, 'सेल्फी विद तिरंगा', त्रिवर्णीय रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर "वंदे मातरम्" के गौरवपूर्ण इतिहास से जुड़ी विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जहानाबाद की ऐतिहासिक बराबर गुफाओं से अभियान का शुभारंभ कर पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस उत्साह को बनाए रखते हुए अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक ने भी नागरिकों से अपील की कि अभियान के दौरान आयोजित सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लें।
संवाद के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिक समाज के सदस्यों ने अभियान को गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचाने, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, जीविका दीदियों तथा सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जिला पदाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में विशेष सहयोग का अनुरोध किया।
बैठक में प्राप्त सभी सुझावों का स्वागत करते हुए जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उन्हें अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में समाहित करने का आश्वासन दिया।
अंत में जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि 9 से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर "हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा" के संकल्प को साकार करें और जहानाबाद को इस अभियान में एक विशिष्ट पहचान दिलाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
बैठक में माननीय जनप्रतिनिधिगण, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधिगण, नागरिक समाज के सदस्य, शिक्षाविद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।