सुक्खू का पूरा गांव में कच्ची शराब के कारोबार का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल, पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज/घूरपुर। करमा चौकी क्षेत्र के ग्राम सभा पंवर के मजरा सुक्खू का पूरा में कथित कच्ची शराब के कारोबार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में कुछ लोगों द्वारा कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही शराब का सेवन करने वाले लोगों का जमावड़ा लग जाता है। नशे की हालत में गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने से महिलाओं और युवतियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने अपनी शिकायत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे कथित शराब कारोबारियों को शराब बनाने और बेचने से रोकते हैं तो कुछ लोगों द्वारा पुलिस से संबंध होने की बात कहकर दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है। हालांकि, यह ग्रामीणों के आरोप हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोपों की वास्तविकता पुलिस एवं आबकारी विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों ने करमा चौकी पुलिस, घूरपुर थाना पुलिस, आबकारी विभाग और पुलिस कमिश्नर प्रयागराज से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा गांव में कथित अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस व आबकारी विभाग कब तक जांच कर कार्रवाई करता है।