लंबित वारंट और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश, थानों के सीसीटीवी जल्द चालू कराने पर जोर
लखीसराय। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक एवं जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपराधिक मामलों की प्रगति, लंबित गिरफ्तारी वारंट, कुर्की-जप्ती की कार्रवाई तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गंभीर आपराधिक मामलों में दर्ज एवं निष्पादित कांडों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने, गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन करने तथा कुर्की-जप्ती की कार्रवाई में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा रद्द किए गए शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों एवं विस्फोटकों की बरामदगी और निर्वाचन संबंधी अपराधों में दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने तथा आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिले के विभिन्न थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा करते हुए उन्होंने बंद कैमरों को अविलंब चालू कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।