जिला समन्वय समिति की बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर 232 और आयुक्त स्तर पर 220 जन शिकायतें लंबित, मातृ मृत्यु के मामलों में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
लखीसराय। समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों, सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्री-CFMS एवं पोस्ट-CFMS के तहत लंबित DC बिलों, उपयोगिता प्रमाण पत्रों और विपत्रों की समीक्षा की गई। जिला योजना, सहकारिता एवं शिक्षा सहित संबंधित कार्यालयों को लंबित मामलों का शीघ्र समायोजन करने का निर्देश दिया गया।
जन शिकायतों की समीक्षा में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर 232 तथा आयुक्त स्तर पर 220 मामले लंबित पाए गए। डीएम ने इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्रों के लंबित सत्यापन कार्यों को जल्द पूरा करने तथा MJC/CWJC मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
Lakhisarai, Lakhisarai | Nov 23, 2026