गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मना, हजारों लोगों ने एक पंगत में छका लंगर
प्रभात फेरी से हुई कार्यक्रम की शुरुआत, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुद्वारे में टेका माथा, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
लखीसराय। सिख धर्म के संस्थापक एवं मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर के पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में सराबोर रहा। सुबह प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्य ग्रंथी सुरजीत सिंह ने भजन-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। उन्होंने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जी ने समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का संदेश दिया था। उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को प्रेम, सद्भाव, सेवा और भाईचारे के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।