एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मेला आयोजित, 221 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया मेले का उद्घाटन, 817 अभ्यर्थियों ने जमा किया बायोडाटा
लखीसराय। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, लखीसराय की ओर से मंगलवार को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, नगर परिषद लखीसराय के उपाध्यक्ष श्री शंकर राम, उप निदेशक (नियोजन) श्री शंभूनाथ सुधाकर, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के उप प्राचार्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
नियोजन मेले में सेवा क्षेत्र की शंकर मोटर्स पटना, क्वेस कॉर्प, धम्मा सर्विसेज, नेटअम्बिट एवं युवेक्स सर्विसेज सहित सुरक्षा क्षेत्र की ट्रिपल कैनोपी सिक्योरिटी सर्विसेज ने भाग लिया। वहीं बैंकिंग, फाइनेंस एवं इंश्योरेंस क्षेत्र से एलआईसी, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड एवं सत्या माइक्रोकैपिटल तथा शिक्षा क्षेत्र से माउंट लिटरा जी स्कूल, नाथ पब्लिक स्कूल सहित कई निजी कंपनियों एवं संस्थानों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया।
मेले में आरसेटी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, जिला उद्योग केंद्र, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा आईटीआई की ओर से कुल 282 अभ्यर्थियों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
मेले में विभिन्न नियोजकों के समक्ष अभ्यर्थियों ने कुल 817 बायोडाटा जमा किए, जिनमें से 221 अभ्यर्थियों का स्थल पर ही चयन किया गया। इसके अतिरिक्त मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग के नियोजन-सह-मार्गदर्शन कार्यक्रम के तहत 21 अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट का वितरण किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर राहुल कुमार, कनीय सांख्यिकी सहायक, मनीष कुमार, जिला कौशल प्रबंधक, सुरेंद्र कुमार चौधरी, अनुदेशक, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के जिला प्रबंधक, मुकेश कुमार, लिपिक सहित अन्य कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।