Public App Logo
Profile Picture

Only News Bihar

@onlynewsbihar1
421Followers
1Following
स्वच्छता ही सेवा अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी सम्मानित

लखीसराय। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित करने के लिए शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की।
समारोह में स्वच्छता अभियान के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जिला सलाहकार  एसआरपी, सभी प्रखंड समन्वयक, कार्यपालक सहायक, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने स्वच्छता के क्षेत्र में कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता गतिविधियों को लगातार प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।
समारोह के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक लेखा प्रशासन, जिला सलाहकार सहित जिले के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद थे।
चा
लखीसराय ।मंडल कारा पहुंचे डीएम शैलेंद्र कुमार, बंदी दरबार में सुनी कैदियों की समस्याएं।
गांधी जयंती पर गांधी मैदान में श्रद्धांजलि, सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
लखीसराय। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को गांधी मैदान, लखीसराय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डीएम शैलेन्द्र कुमार ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी तथा देशवासियों में एकता, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना का संचार किया।
डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन, सद्भाव और सामाजिक समरसता के उनके आदर्शों को अपनाकर बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने गांधी जी के आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने तथा आपसी भाईचारा, एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।
गांधी जयंती पर कैन्दी पंचायत में ग्राम सभा, पौधरोपण व सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम
लखीसराय। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को हलसी प्रखंड के कैन्दी पंचायत में ग्राम सभा, शपथ ग्रहण, पौधरोपण एवं गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त के निर्देशन में हुआ।
इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को नशामुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की गई।
पंचायत परिसर सहित अन्य उपयुक्त स्थलों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित पंचायत का संदेश दिया गया। पौधों की नियमित देखभाल पर भी जोर दिया गया।
वहीं, एक अक्टूबर को बल्लोपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 के चौरी गांव की महादलित महिलाओं द्वारा नल-जल योजना से संबंधित बाधित जलापूर्ति की शिकायत का भी संज्ञान लिया गया। संबंधित पदाधिकारियों के प्रयास से शुक्रवार को समस्या का समाधान कर जलापूर्ति बहाल करा दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के समग्र विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक भी हुई। इसमें मूलभूत सुविधाओं, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुनकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, हलसी विकास कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

लखीसराय। जिला कांग्रेस कार्यालय चितरंजन आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती विश्व अहिंसा दिवस के रूप में तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, त्याग और देश के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उचित झा, शत्रुघ्न सिंह, उचित यादव, पंकज वर्मा, वीरेंद्र सिंह, हीरा रजक, अलख निरंजन, महेश प्रसाद सिंह, जय किशोर यादव, मधेश्वरा सिंह, दयानंद दास, दीपक कुमार और मंटू कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
लखीसराय उत्पाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक पार्सल वाहन से 241 कार्टून विदेशी शराब के साथ चालक को किया गिरफ्तार।
लखीसराय ।सदर अस्पताल में चला स्वच्छता का संदेश, ललन सिंह ने लगाया झाड़ू और रोपे पौधे
स्वच्छता कर्मियों को बांटी किट, गुब्बारे उड़ाकर दिया स्वच्छता का संदेश।
साबिकपुर बना बाल विवाह मुक्त ग्राम, ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

लखीसराय। लखीसराय प्रखंड अंतर्गत साबिकपुर पंचायत के साबिकपुर ग्राम को बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने के लिए ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। पंचायत की मुखिया नीलम देवी की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा में पंचायत विकास योजना के साथ-साथ ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों एवं प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की गई।कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। संचालन पंचायत सचिव सुनील प्रजापति ने किया। महिला सशक्तिकरण केंद्र, लखीसराय के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को महिला हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में भी बताया।उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनवरी 2025 से अब तक गांव में एक भी बाल विवाह नहीं होने की स्थिति में ग्राम सभा के माध्यम से गांव को बाल विवाह मुक्त ग्राम घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। ग्राम सभा की कार्यवाही एवं बाल विवाह मुक्त ग्राम प्रमाण पत्र की प्रति सहायक बाल विवाह निषेध पदाधिकारी सह बीडीओ के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद बाल विवाह निषेध पदाधिकारी सह एसडीओ के स्तर से प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुखिया नीलम देवी एवं पंचायत सचिव सुनील प्रजापति के संयुक्त तत्वावधान में साबिकपुर ग्राम को बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने का प्रस्ताव ग्राम सभा में रखा गया, जिसे उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।इस दौरान लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। वहीं, नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति की भी सामूहिक शपथ ली गई।मौके पर कवच परियोजना सेंटर डायरेक्ट के बाल संरक्षण विशेषज्ञ चंद्रशेखर सिंह, बाल संरक्षण अभिसरण विशेषज्ञ प्रसून कुणाल, ग्राम कचहरी सचिव सृष्टि कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
लखीसराय नया बाजार नगर भवन में नीतीश संवाद का जीविका का 20 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह।
रामगढ़ चौक बाजार में चला विशेष स्वच्छता अभियान, डीडीसी ने किया श्रमदान
लखीसराय। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा– अभियान के अंतर्गत गुरुवार को रामगढ़ चौक बाजार में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, लखीसराय ने की।
इस दौरान रामगढ़ चौक बाजार एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों के बीच स्वच्छता उपकरण एवं किट का भी वितरण किया गया।
आम लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान “स्वच्छता में सहभाग–स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बीडीओ रामगढ़ चौक, प्रभारी जिला समन्वयक एलएसबीए, राज्य संसाधन सेवी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रभारी, प्रखंड समन्वयक एलएसबीए सहित सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी व कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र यादव, राजकुमार महतो, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया।
अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के जरिए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का आह्वान किया गया।
ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया मासिक निरीक्षण
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने निर्वाचन विभाग, बिहार पटना के निर्देशानुसार गुरुवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा, रख-रखाव एवं सुरक्षित भंडारण व्यवस्था का जायजा लेना था।
इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण एवं मशीनों के सुरक्षित भंडारण की समीक्षा की गई। डीएम ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन की भी जांच की।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की सराहना की। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, कोषागार पदाधिकारी अखिलेश कुमार, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल कुणाल कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
योग शिविर के दूसरे दिन भी उमड़ी भीड़, 500 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
लखीसराय। के.आर.के. मैदान में आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में लखीसराय युवा विकास मंच के अध्यक्ष सनोज साहू के संयोजन में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन बुधवार को 500 से अधिक महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने योगाभ्यास किया। गुजरात से आए श्रीश्री रविशंकर के परम शिष्य निलेश लाड ने सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक प्रतिभागियों को आसन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया।
शिविर में सामूहिक हास्य अभ्यास आकर्षण का केंद्र रहा। उत्साहित प्रतिभागियों ने अभ्यास के दौरान कई बार ‘वन मोर, वन मोर’ की मांग की। निलेश लाड ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और भावनाओं में संतुलन स्थापित करने की साधना है। नियमित योग एवं प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ा जा सकता है।
सनोज साहू ने कहा कि शिविर के प्रति शहरवासियों का उत्साह उत्साहजनक है। उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर को शिविर का अंतिम सत्र आयोजित होगा। उन्होंने लोगों से अंतिम दिन भी अधिक संख्या में पहुंचकर योगाभ्यास का लाभ लेने की अपील की।
महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी किरण सिन्हा ने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर और मन को स्वस्थ रखने में सहायक है। रंजीत वर्मा ने कहा कि शिविर में बढ़ती भागीदारी स्वास्थ्य के प्रति लोगों की जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने भी योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
शिविर के आयोजन एवं व्यवस्था में वार्ड पार्षद गौतम मंडल, दंत चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार, समाजसेवी प्रमोद कुमार, अनिल शर्मा, मनोज गुप्ता एवं रंजीत शर्मा की भूमिका रही। योग शिक्षिका प्रियंका भारती, जयशंकर, कवीन्द्र कुमार, संजीव कुशवाहा और श्वेता कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
लखीसराय युवा विकास मंच ने शहरवासियों से एक अक्टूबर को सुबह 5:30 बजे के.आर.के. मैदान पहुंचकर योग शिविर के अंतिम सत्र में शामिल होने की अपील की है।
जरूरतमंद किसानों के बीच कृषि उपकरणों का वितरण

लखीसराय। 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जमुई के द्वितीय कमान अधिकारी  बांके बिहारी के दिशा-निर्देशन में डी समवाय कजरा के तत्वावधान में नरोत्तम उच्च विद्यालय परिसर में नागरिक कल्याण कार्यक्रम  का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कमांडेंट श्री अभिनव तोमर की देखरेख में हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंद किसानों के बीच स्प्रे मशीन, कुदाल, खुरपी, काशी सहित विभिन्न लघु कृषि उपकरणों का वितरण किया गया।

डीएम ने किसानों को कृषि कार्यों में आधुनिक एवं उपयोगी उपकरणों के प्रयोग के लिए प्रेरित करते हुए इनके समुचित उपयोग और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरण किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, एसडीओ लखीसराय, बीडीओ सूर्यगढ़ा, कजरा एवं पीरी बाजार थाना के पदाधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। किसानों ने इस पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक
लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में आगामी 21 नवंबर को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत एवं 12 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के प्रकोष्ठ में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री ने की। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर सहित न्यायिक पदाधिकारी रंजीत कुमार सोनू, शिप्रा कुमारी, श्रीनिवास शर्मा, हिमांशु भार्गव, सुमन चंद्रा एवं प्रशांत कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर अधिक से अधिक सुलहनीय वादों को चिन्हित करने, पक्षकारों को नोटिस जारी करने तथा प्री-सिटिंग कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। न्यायिक पदाधिकारियों को अधिक से अधिक वादों के अभिलेखों का निस्तारण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया।
सचिव विधानंद सागर ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक सुलहनीय वादों को चिन्हित कर पक्षकारों को नोटिस भेजा जाएगा, ताकि प्री-सिटिंग के माध्यम से मामलों के आपसी समझौते का प्रयास किया जा सके और आगामी लोक अदालतों में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन हो सके।
हेलमेट नहीं पहनने वालों पर कार्रवाई, 23 वाहन चालकों से वसूला ₹81 हजार जुर्माना
लखीसराय। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर विशेष हेलमेट जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। बीएड कॉलेज से बायपास रोड मोड़ तक चले अभियान में करीब 50 से 60 वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 81 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट के नियमित इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा सहित अन्य यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
खेल मैदान में दिखा प्रतिभा का दम, जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू

लखीसराय। गांधी मैदान परिसर में मंगलवार को जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ डीएम शैलेंद्र कुमार ने किया। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिका खिलाड़ी एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी, शतरंज, योग, कराटे और कुश्ती समेत विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़ और गोला फेंक सहित कई स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए। डीएम ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

मौके पर एडीएम नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, डीटीओ मुकुल पंकज मणि, डीईओ यदुवंश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लखीसराय।कवैया थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार निलंबित
जीविका की योजनाओं की समीक्षा, लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश

लखपति दीदी की आय बढ़ाने और बाजार से जोड़ने पर डीएम ने दिया जोर

लखीसराय। जिला मंत्रणा कक्ष के सभागार में मंगलवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जीविका की जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में जीविका के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान लखपति दीदी, सतत जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, जल-जीवन-हरियाली के तहत मत्स्यपालन, जेंडर फोरम एवं दीदी अधिकार केंद्र सहित अन्य गतिविधियों की समीक्षा की गई।

डीएम ने लखपति दीदी योजना के शेष लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने जीविका दीदियों की आय बढ़ाने के लिए मत्स्यपालन गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा उत्पादों को बेहतर बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही बाजार आधारित आजीविका एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।

सतत जीविकोपार्जन योजना की समीक्षा के दौरान शेष पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाते हुए शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। VPRP के कार्यों में तेजी लाने और प्रखंडवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में महिला सशक्तीकरण एवं जेंडर मुख्यधारा को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने जेंडर फोरम एवं दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं, कानूनी सहायता और शिकायत निवारण तंत्र से प्रभावी रूप से जोड़ने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को गतिविधिवार कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य आधारित कार्य करने, नियमित अनुश्रवण और विभागीय समन्वय के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रखंडवार उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए शेष लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
लखीसराय ।पुलिस को मिली बड़ी सफलता
लखीसराय। नया बाजार छात्र नेता से कथित मारपीट मामले की एसडीपीओ ने की जांच।
वन्य प्राणियों से फसल एवं जान-माल की क्षति पर लाभुकों को मिली क्षतिपूर्ति

लखीसराय। वर्ष 2026 में वन्य प्राणियों के कारण फसल एवं जान-माल को हुई क्षति के मद्देनजर वन विभाग द्वारा प्रभावित लाभुकों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई गई है। आर्थिक नुकसान से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से निर्धारित प्रावधानों के तहत राशि का भुगतान किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, दुग्धम गांव निवासी बोड़न कोड़ा को मवेशी/बैल की क्षति के एवज में 24 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति राशि दी गई है। वहीं हलसी प्रखंड के धीरा गांव निवासी बजरंगी महतो को फसल क्षति के एवज में 47,800 रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई।

इसी प्रकार शिवसोना गांव निवासी अशोक कुमार को 63 हजार रुपये तथा नागेश्वर यादव को 1.25 लाख 500 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है।

वन विभाग ने आमजनों से अपील की है कि वन्य प्राणियों के कारण किसी भी प्रकार की क्षति होने पर तत्काल संबंधित वन विभाग के पदाधिकारियों को इसकी सूचना दें। सूचना मिलने के बाद स्थल निरीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

विभाग द्वारा वन्य प्राणियों एवं आमजन के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व बनाए रखने के साथ प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।बैठक के दौरान जिला समन्वय समिति से संबंधित बिंदुओं के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण, भूमि उपलब्धता, समेकित बाल विकास योजना, आधारभूत संरचना एवं उपयोगिताओं तथा विभिन्न प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला कोषागार से संबंधित पीएफएमएस, सीएफएमएस, डीसी बिल एवं एसी बिल के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित बिलों एवं प्रतिवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया।जन शिकायतों की समीक्षा के क्रम में लंबित आवेदनों, आम लोगों की समस्याओं के निष्पादन, शिविरों के आयोजन एवं सहयोग शिविर से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गई। डीएम ने कहा कि जन शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए और संबंधित आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, विद्यालय भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। विद्यालय भवन निर्माण से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया गया।डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, विकास शाखा प्रभारी दिवाकर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
मनीष यदुवंशी के साथ कथित मारपीट के विरोध में विद्यार्थियों ने बांधी काली पट्टी
काली पट्टी बांधकर विद्यार्थियों ने जताया विरोध
लखीसराय। कबैया थाना प्रभारी रणधीर कुमार द्वारा अभाविप के विभाग संयोजक एवं छात्र नेता मनीष यदुवंशी के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को आर. लाल कॉलेज, लखीसराय के विद्यार्थियों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने परीक्षा के दौरान हाथों पर काली पट्टी बांधकर घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।विद्यार्थियों का कहना था कि छात्र नेता के साथ हुई कथित मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराकर उन्होंने अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया है।प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार के कथित दुर्व्यवहार के मामले में निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई होने तक शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखने की बात कही।
विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन स्थलों पर चला विधिक जागरूकता अभियान
विश्व पर्यटन दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम
लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय की ओर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मार्गदर्शन में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रृंगी ऋषि धाम, जलप्पा स्थान, अशोक धाम तथा बड़हिया स्थित बाला त्रिपुर सुंदरी माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यटकों एवं आम लोगों को कानूनी अधिकारों और विभिन्न विधिक योजनाओं की जानकारी दी गई।
श्रृंगी ऋषि धाम में आयोजित कार्यक्रम में डालसा सचिव विधानंद सागर ने भाग लिया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, बाल श्रम मुक्त भारत अभियान तथा बाल हितैषी कानूनी सेवा योजना के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता रामानुज पांडेय, अशोक कुमार ठाकुर, पीएलवी पंकज कुमार भारती, कन्हैया कुमार, आरती कुमारी सहित अन्य हितधारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। समाजसेवी सकलदेव बिंद ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव विधानंद सागर ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन एवं पुलिस महकमे को आवश्यक पहल करनी चाहिए। उन्होंने पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों को और बेहतर बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत, बाल श्रम मुक्त भारत अभियान एवं बाल हितैषी कानूनी सेवा योजना को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए व्यापक स्तर पर विधिक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। इस कार्य में सेंटर डायरेक्ट की कवच परियोजना से तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बाल हितैषी कानूनी सेवा योजना के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। पैनल अधिवक्ताओं ने अपने संबोधन में संबंधित कानूनी प्रावधानों, योजनाओं एवं लोगों के सामने आ रही समस्याओं की जानकारी दी। साथ ही ऐसे विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए लोगों से अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक रहने की अपील क
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अंचलों में संचालित राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अंचल अधिकारियों की रैंकिंग, जमाबंदी अद्यतीकरण, दाखिल-खारिज, उत्तराधिकार संबंधी मामले, विशेष अभियान, अभियान बसेरा, ऑनलाइन दाखिल-खारिज, म्यूटेशन परिमार्जन प्लस, अतिक्रमण, राजस्व अभियान, लगान वसूली, सरकारी कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता, फार्मर रजिस्ट्री, CWJC/MJC वाद, सहयोग पोर्टल एवं खासमहल भूमि की जमाबंदी सहित अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन के मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीओ, आरओ एवं संबंधित कर्मचारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निपटारा करने को कहा। सूर्यगढ़ा अंचल में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अंचलाधिकारी को विशेष रूप से सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने लंबित म्यूटेशन एवं अन्य राजस्व मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ CWJC/MJC वाद तथा सहयोग पोर्टल से संबंधित लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन करने को कहा।
डीएम ने कहा कि वर्तमान में जिले में राजस्व महाभियान संचालित है। सभी संबंधित कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी तत्परता और गंभीरता के साथ निर्वहन करें। कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग के लिए अपर समाहर्ता को आईटी मैनेजर के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से कारण पूछा जाएगा। लंबित मामलों के निष्पादन की पुनः समीक्षा आगामी 28 सितंबर एवं 30 सितंबर को की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।