सूफी महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम ने कार्यक्रम स्थल, काको पनिहास व बीबी कमाल दरगाह का किया निरीक्षण
जहानाबाद। आगामी 24 एवं 25 सितंबर को आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने काको स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, काको पनिहास एवं बीबी कमाल दरगाह का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
काको उच्च विद्यालय के खेल मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला नजारत उप समाहर्ता को निविदा प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर एजेंसी का चयन एवं कार्य आवंटित करने का निर्देश दिया। भवन निर्माण एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता को आपसी समन्वय से रंग-रोगन सहित आवश्यक कार्य कराने को कहा गया। नगर पंचायत काको को साफ-सफाई, पीएचईडी को अस्थायी शौचालय एवं पेयजल तथा विद्युत विभाग को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। महोत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से रसोई व फूड स्टॉल लगाने को भी कहा गया।
डीएम ने काको पनिहास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब की उड़ाही एवं साफ-सफाई के साथ सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए प्राक्कलन तैयार कर डीपीओ, नमामि गंगे को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद बीबी कमाल दरगाह पहुंचकर उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा का जायजा लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवासन, शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई और नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दरगाह परिसर में आवश्यक रंग-रोगन एवं मरम्मति कार्य कराने को भी कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, आवासन सहित सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, डॉ. रोहित कुमार मिश्रा, चन्द्रकिशोर सिंह, एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चाँदनी कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं दरगाह समिति के सदस्य उपस्थित थे।
#डीएमजहानाबाद #पटनागयारेलखंड #वीडियोवायरल #jehanabadlive #सीएमओ #jehanabad
Jehanabad, Jehanabad | Aug 25, 2026