बच्चों के बीच पहुंचे डीएम, साथ बैठकर किया भोजन; खुद परखी खाने की गुणवत्ता
जवाहर नवोदय विद्यालय के निरीक्षण में डीएम ने बच्चों से की सीधी बातचीत
पढ़ाई, सुविधाओं और भोजन की व्यवस्था का लिया जायजा
परिजनों से भी लिया फीडबैक, स्वच्छ व पौष्टिक भोजन के दिए निर्देश
जितेंद्र गुप्ता✍️। उरई
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, दिनचर्या, रहन-सहन और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही परिजनों से भी विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विद्यालय की रसोई में पहुंचे और वहां भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके बाद भोजनालय में पहुंचकर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी और प्रधानाचार्य के साथ बच्चों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
बच्चों से मिली जानकारी के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी और प्रधानाचार्य के साथ छात्र-छात्राओं के बीच बैठकर भोजन किया। डीएम को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल नजर आया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सहजता से बातचीत करते हुए भोजन के स्वाद और गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित वातावरण का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
डीएम ने विद्यालय प्रशासन से बच्चों की आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता से लेने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बच्चों के बीच पहुंचकर संवाद करने और उनके साथ भोजन करने की पहल चर्चा का विषय रही।
#Orai #Jalaun #JalaunNews #OraiNews #UttarPradesh #UttarPradeshNews #DistrictMagistrate #Dmjalaun #DMRajeshKumarPandey #JawaharNavodayaVidyalaya #SchoolInspection #EducationNews #StudentWelfare #QualityFood #MidDayMeal #SchoolNews #LocalNews #BreakingNews #BolDoBharat #NewsUpdate #LatestNews
Orai, Jalaun | Aug 23, 2026