रगोली में मलंगा नाला पर पुल निर्माण का डीएम ने लिया जायजा, 2-3 दिन में बनेगा अस्थायी डायवर्जन
भारी बारिश में बह गया था आवागमन का अस्थायी पुल
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए पाइप डालकर बनेगा पक्का डायवर्जन
डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
उरई। ग्राम रंगोली में मलंगा नाला पर निर्माणाधीन पुल का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल निर्माण की प्रगति के साथ-साथ ग्रामीणों के आवागमन की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि हाल में हुई भारी बारिश के चलते नाले का जलस्तर और बहाव बढ़ गया था, जिससे ग्रामीणों के आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया। इसके बाद गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थायी पुल का निर्माण प्रभावित किए बिना आवागमन जल्द बहाल किया जाए। इसके लिए पाइप डालकर पक्का अस्थायी डायवर्जन तैयार करने का काम मौके पर तत्काल शुरू करा दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, मशीनरी और पर्याप्त कर्मचारियों की मदद से डायवर्जन का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है और इसे दो से तीन दिन में पूरा कर आवागमन सुचारु करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने मौके पर ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पुल का स्थायी निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग रखी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
अस्थायी डायवर्जन तैयार होने से ग्रामीणों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं इसके साथ ही मलंगा नाला पर पुल का मूल निर्माण कार्य भी जारी रहेगा।
#Orai #Jalaun #JalaunNews #OraiNews #UttarPradesh #UttarPradeshNews #Rangoli #BridgeConstruction #RoadConstruction #DevelopmentWork #DistrictAdministration #Dmjalaun #DMRajeshKumarPandey #RuralDevelopment #PublicConvenience #Infrastructure #LocalNews #BreakingNews #DevelopmentNews #BolDoBharat #NewsUpdate
Orai, Jalaun | Aug 23, 2026