पीएम श्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बीईओ ने छात्राओं की ली विशेष कक्षा, वर्मी कंपोस्ट व भूमि संरक्षण की दी जानकारी
टिकारी। पीएम श्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिकारी में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार रमण ने छात्राओं के बीच विशेष कक्षा लेकर पर्यावरण संरक्षण, जैविक खाद और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कक्षा के दौरान बीईओ डॉ. अभय कुमार रमण ने वर्मी कंपोस्ट के उपयोग और इसके फायदे के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जैविक खाद का प्रयोग मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने छात्राओं को समझाया कि आज भूमि और पर्यावरण के संरक्षण के लिए उठाए गए कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए जैविक एवं प्राकृतिक तरीकों को बढ़ावा देना आवश्यक है।
डॉ. रमण ने स्वस्थ शरीर के लिए पौष्टिक एवं सुरक्षित भोजन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने खाद्य पदार्थों में अनावश्यक रासायनिक पदार्थों के प्रयोग से बचने तथा प्राकृतिक और पौष्टिक भोजन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।
इस दौरान छात्राओं ने पर्यावरण, जैविक खेती, वर्मी कंपोस्ट और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित कई सवाल भी पूछे, जिनका बीईओ ने सरल तरीके से जवाब दिया। विद्यालय में आयोजित इस विशेष कक्षा को छात्राओं ने काफी उपयोगी बताया।