*ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में गया जिला की महत्वपूर्ण उपलब्धि, हजारों परिवारों को मिला पक्का आवास*
गया, 20 अगस्त 2026, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित बापू सभागार पटना में आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पौधों में जल अर्पित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की उपलब्धियों, प्रगति एवं प्रमुख पहलों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने योजना के लाभुकों को आवास की चाबी एवं नए चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। वहीं, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार द्वारा बिहार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवंटित लक्ष्य का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गया ने बताया कि जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, गया द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आवासविहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न ग्रामीण आवास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभुक परिवारों को चरणबद्ध तरीके से आवास निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्रामीण परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। संबंधित योजनाओं में लाभुकों को निर्धारित किस्तों के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई जाती है, ताकि आवास निर्माण का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 10,237 आवासों के विरुद्ध सभी 10,237 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 2,241 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2024-25 में 25,919 के लक्ष्य के विरुद्ध 25,891 आवास स्वीकृत हुए तथा 12,053 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।
वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक कुल 2,42,215 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 2,42,173 आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 2,15,404 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 5,422 के लक्ष्य के विरुद्ध 5,373 आवास स्वीकृत तथा 4,952 आवास पूर्ण किए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के तहत 2,364 लाभुकों को स्वीकृति दी गई है तथा 2,005 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत लाभुकों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज आयोजित कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा लाभार्थियों के बीच नवनिर्मित आवास की गृह चाबी, आवास स्वीकृति आदेश पत्र एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शुभकामना संदेश पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उनके अपने पक्के आवास का लाभ मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर गृह की चाबी एवं शुभकामना संदेश पत्र प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में नगर प्रखंड के ग्राम पंचायत अमराहा अंतर्गत सदीपुर के परवेज आलम, कसमा के नाजिया खातून, सबीना खातून एवं सोनी परवीन शामिल हैं। संबंधित लाभार्थियों को उनके पूर्ण आवास का गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से गृह की चाबी प्रदान की गई।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के स्वीकृति आदेश पत्र का वितरण अमराहा पंचायत के सदीपुर निवासी सहादा खातून, बारा पंचायत के बारा निवासी रूबिना परवीन एवं बिल्किस फातमा, कंडी पंचायत के बिथो निवासी ललिता देवी तथा बारा पंचायत के गंगापुर निवासी जयराम कुमार को किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के शुभकामना संदेश पत्र भी लाभार्थियों को प्रदान किए गए। इनमें अमराहा पंचायत के कसमा निवासी मो. अरसद शाह एवं जुले खातून, सदीपुर निवासी मो. अफजल हसन, बारा पंचायत के बारा निवासी गुडिया बानो, जेबा खातून, आयशा खातून, शबाना खातूम एवं रोखसार परवीन, गंगापुर निवासी प्रविला देवी, रेशमी देवी, छोटू कुमार एवं सुंदरी देवी तथा कंडी पंचायत के बिथो निवासी दीपक कुमार शामिल हैं।
कार्यक्रम में लाभार्थियों ने अपने पक्के आवास का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर माननीय विधायक अतरी श्री रोमित कुमार, माननीय केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि नंदलाल मांझी, ज़िला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर उप विकास आयुक्त गया सहायक समाहर्ता गया, निदेशक डीआरडीए सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।