राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता परेड का सीधा प्रसारण, अग्नि सुरक्षा को लेकर भी किया गया जागरूक
लखीसराय। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड- का सीधा प्रसारण लखीसराय में किया गया।
अग्निशमन सेवा लखीसराय की ओर से रामकृष्ण मिशन आवासीय स्कूल, बायपास मोड़, सिकंदरा रोड में बड़ी स्क्रीन एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था की गई। इसमें अग्निशमन सेवा के पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम से पूर्व बड़ी स्क्रीन पर अग्नि सुरक्षा से संबंधित जागरूकता वीडियो दिखाए गए। इसमें घरेलू अग्निकांडों की रोकथाम, एलपीजी एवं विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई।