जनगणना-2027 को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण, डीएम ने दिए त्रुटिरहित आंकड़े संकलन के निर्देश
लखीसराय। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या परिगणना) को लेकर समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण में जनसंख्या परिगणना की प्रक्रिया, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी, निर्धारित प्रपत्रों में सही आंकड़ों का संकलन तथा डिजिटल माध्यम से डाटा संधारण की जानकारी दी गई।
इस दौरान डीएम ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर सरकार विकास योजनाओं एवं नीतियों का निर्धारण करती है। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी योग्य व्यक्ति या परिवार गणना से छूटना नहीं चाहिए तथा आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षण में मिली जानकारी को क्षेत्रीय कर्मियों तक पहुंचाने और निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का भी निर्देश दिया।