ओकरी विद्यालय में साइबर सुरक्षा व महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के निर्देशन में पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड) द्वारा राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ओकरी में "ऑपरेशन विधि पालक युवक" के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी साइबर अपराधों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें।
इस अवसर पर "नया सवेरा 3.0" अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा एवं महिला अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने, किसी भी प्रकार की उत्पीड़न की घटना पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) की रोकथाम, महिलाओं के उत्थान और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस दीदी टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।