समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति1757,
दिनांक: 01 नवंबर, 2026,
==================
नशामुक्त समाज के लिए पूर्णिया में जीविका दीदियों का शंखनाद: एक महीने तक चलने वाले महाअभियान का जोरदार आगाज:--
बिहार के पूर्णिया जिले में जीविका दीदियों ने समाज से नशे के दुष्प्रभावों को समाप्त करने और एक स्वास्थ्यप्रद एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए व्यापक पहल शुरू की है।
'नशामुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत पूरे जिले में एक महीने तक चलने वाले नशामुक्ति महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।
इस विशेष अभियान के तहत जिले की 5 लाख से अधिक जीविका दीदियां एकजुट होकर गांव-गांव और टोले-टोले जाकर लोगों को नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएंगी।
रुपौली और भवानीपुर प्रखंड में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
अभियान के प्रथम दिवस पर रुपौली एवं भवानीपुर प्रखंडों के कुल 7 संकुल संघों (CLF) की हजारों दीदियों ने सड़कों पर उतरकर जन-जागरूकता रैली निकाली:--
भवानीपुर प्रखंड: 'रानी अभिलाषा' एवं 'तान्या' जीविका संकुल संघ की दीदियों ने सुबह प्रभात फेरी निकाली और रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
रुपौली प्रखंड: 'सोना', 'दीन सुधार', 'उन्नति' एवं 'जननी' संकुल संघों की जीविका दीदियों ने विशाल जागरूकता रैली का आयोजन कर आम जनमानस को नशे के आर्थिक एवं सामाजिक परिणामों के प्रति सतर्क किया।
खाकी और जीविका का अनूठा संगम:-- पुलिस कर्मियों ने भी ली शपथ
अभियान के दौरान प्रशासनिक सहयोग और सामाजिक भागीदारी की एक अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली।
भवानीपुर एवं रुपौली थाना के पुलिस कर्मियों ने दीदियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर जीविका दीदियों और स्थानीय पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से समाज को पूर्णतः नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली।
रंगोली, मेहंदी और स्लोगन से दिया बदलाव का संदेश:-
जागरूकता रैलियों के पश्चात् दीदियों ने अपनी कला एवं रचनात्मकता का उपयोग कर जागरूकता संदेश प्रसारित किए।
परिसर में आकर्षक रंगोली, मेहंदी और प्रभावशाली स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिनके जरिए नशे से परिवारों पर पड़ने वाले विपरीत प्रभावों को दर्शाया गया और एक समृद्ध, नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
यह एक महीने का अभियान पूर्णिया जिले के सभी प्रखंडों, ग्राम पंचायतों और समूहों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा।
#pmnarendramodi
#cmsamrat
#samratchoudhary
Purnia, Bihar | Nov 1, 2026