सेमल्दा, चकबमुलिया, ढोढर, अर्रोदरी में मलेरिया जागरूकता अभियान
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में जिले में मलेरिया एवं डेंगू सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए निरंतर नियंत्रण एवं जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में ग्राम सेमल्दा, चकबमुलिया एवं ढोढर में मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों का निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। एम.टी.एस. श्री अरविन्द द्वारा सी.एच.ओ., ए.एन.एम. एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर नियमित लार्वा सर्वे, बुखार रोगियों की पहचान, जांच एवं जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। उप स्वास्थ्य केंद्र सेमल्दा में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देने हेतु प्रेरित किया गया।
विकासखंड विजयपुर के ग्राम अर्राेदरी में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक लार्वा सर्वे एवं नष्टीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान कूलर, गमले, पुराने टायर, पानी की टंकियों एवं खुले बर्तनों में जमा पानी की जांच की गई तथा लार्वा पाए जाने वाले स्थानों पर नष्टीकरण की कार्रवाई करते हुए एंटी-लार्वा बी.टी.आई. दवा का घोल डाला गया।
ग्रामीणों को घर एवं आसपास पानी जमा न होने देने, पानी की टंकियों एवं कूलर की नियमित सफाई करने तथा सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर एवं पानी के बर्तनों को खाली कर सुखाने की सलाह दी गई। साथ ही सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में रक्त की जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026