डाइट श्योपुर में लघु अवधि एवं क्रियात्मक शोध की गतिविधियों का संचालन
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) श्योपुर में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी तथा शिक्षकों में शोधपरक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में निरंतर महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्थान में लघु अवधि शोध एवं क्रियात्मक शोध की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। डाइट श्योपुर द्वारा लगातार सातवीं बार लघु अवधि शोध का कार्य किया जा रहा है, जो संस्थान की शोध के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता और शैक्षणिक नवाचारों को बढ़ावा देने की पहल को दर्शाता है।
यह संपूर्ण शोध कार्य डाइट प्राचार्य श्री राघवेंद्र सिंह सिकरवार के निर्देशन एवं शोध प्रभारी श्री प्रदीप मुद्ग़ल के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। शोध गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में सामने आने वाली शैक्षणिक एवं व्यवहारिक समस्याओं की पहचान करना, उनके कारणों का अध्ययन करना तथा शोध आधारित समाधान विकसित करना है, ताकि कक्षा-कक्ष में शिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सकारात्मक सुधार लाया जा सके।
दस शिक्षकों द्वारा किया जा रहा क्रियात्मक शोध
इस वर्ष क्रियात्मक शोध के अंतर्गत जिले के दस शिक्षक अपने-अपने शैक्षणिक अनुभवों एवं विद्यालयों में सामने आने वाली समस्याओं को केंद्र में रखकर शोध कार्य कर रहे हैं। इनमें श्री सुरेश सिंह सिकरवार, श्री राजेश त्रिवेदी, श्री कपिलदेव गौतम, श्री मुकेश सुमन, श्री राधेश्याम सिंह, श्री मानवेंद्र सिंह, श्री विजय कुमार शर्मा, श्री अंकित वैष्णव, श्री बृजेश सुमन एवं श्री कृष्णपाल सिंह जादौन शामिल हैं।
क्रियात्मक शोध के माध्यम से शिक्षक अपने विद्यालय एवं कक्षा-कक्ष की वास्तविक परिस्थितियों का अध्ययन करते हुए ऐसी समस्याओं पर कार्य कर रहे हैं, जिनका सीधा संबंध विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, सीखने की कठिनाइयों, शिक्षण विधियों और विद्यालयी वातावरण से है। इसका उद्देश्य केवल समस्याओं की पहचान करना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रक्रिया के माध्यम से उनके व्यावहारिक समाधान तलाशना भी है।
दो चरणों की कार्यशालाएं हुईं संपन्न, अब अंतिम चरण की तैयारी
शोध कार्य को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वरूप प्रदान करने के लिए तीन चरणों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम चरण में 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। इस कार्यशाला में शोधार्थियों को शोध की अवधारणा, विषय चयन, समस्या निर्धारण एवं शोध प्रस्ताव तैयार करने से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान शोधार्थियों द्वारा अपने-अपने विषयों पर शोध प्रस्ताव तैयार किए गए।
इसके बाद द्वितीय चरण की कार्यशाला 25 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित की गई। इस तीन दिवसीय कार्यशाला में शोध के लिए आवश्यक उपकरणों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया। शोधार्थियों ने अपने निर्धारित शोध विषयों के अनुरूप प्रश्नावली, साक्षात्कार एवं अन्य आवश्यक शोध उपकरण तैयार करने का कार्य किया, जिससे आगे की शोध प्रक्रिया को तथ्यात्मक एवं व्यवस्थित बनाया जा सके। शोध कार्य के अंतिम चरण में डेटा संकलन के पश्चात प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर शोध निष्कर्ष तैयार किए जाएंगे तथा शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
1 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 27, 2026