जिला चिकित्सालय श्योपुर में मिशन मधुहारी क्लिनिक का शुभारंभ
टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं किशोरों को बेहतर उपचार एवं देखभाल की महत्वपूर्ण पहल
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय श्योपुर में मिशन मधुहारी क्लिनिक का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह सिकरवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर मिशन मधुहारी क्लिनिक के नाम एवं उद्देश्य को प्रदर्शित करती आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसके माध्यम से टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। रंगोली के साथ क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया।
क्लिनिक का उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं किशोरों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उचित चिकित्सकीय परामर्श, इंसुलिन प्रबंधन एवं आवश्यक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी नियमित स्वास्थ्य निगरानी हो सके तथा बीमारी का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
शुभारंभ अवसर पर मिशन मधुहारी के अंतर्गत टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित 03 बच्चों को निःशुल्क इंसुलिन पेन, इंसुलिन वायल, ग्लूकोमीटर एवं 100 टेस्टिंग स्ट्रिप सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके माध्यम से बच्चे एवं उनके परिजन समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कर सकेंगे तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार इंसुलिन का उपयोग कर सकेंगे।
इस अवसर पर आर.एम.ओ. डॉ. गजेंद्र सिंह धाकड़, पैथोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. आर. बी. गोयल, मेडिकल विशेषज्ञ डॉ. ए. आर. करोरिया, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय मंगल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा, डीपीसी श्री विवेक जैन, टाइप-1 डायबिटीज ग्वालियर संभाग के प्रतिनिधि, एनसीडी नर्सिंग ऑफिसर श्री जहीर खान, श्री विकास शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती अनीता कुमारी, श्रीमती शोभा उसरेटे, श्रीमती मोनिका पंडोले, सुश्री सोनाली सक्सेना, स्टोर इंचार्ज श्री कल्याण मीणा, डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री रवि शर्मा सहित चिकित्सालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
मिशन मधुहारी क्लिनिक की शुरुआत जिला चिकित्सालय श्योपुर में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं किशोरों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस क्लिनिक के माध्यम से बच्चों की नियमित निगरानी, उपचार, इंसुलिन की उपलब्धता एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026