*प्रशासन अप्रवासियों के साथ मिलकर सिवान जिले में विकास की अपार संभावनाओं को धरातल पर लाने हेतु तत्पर* " - डीएम
- क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) और जिला प्रशासन की बड़ी पहल
- सिवान में 3 दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट कैंप शुरू,
- अतिरिक्त स्लॉट्स से आम जनता को मिलेगी राहत
दिनांक: 23 अगस्त 2026
स्थान: सिवान, बिहार
सिवान में 3 दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट कैंप का शुभारंभ
सिवान जिले के नागरिकों को सुलभ और त्वरित पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) पटना और सिवान जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आज एक विशेष पहल की गई।
सिवान सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में 3 दिवसीय विशेष मोबाइल पासपोर्ट कैंप (23, 24 और 25 अगस्त 2026) का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का औपचारिक उद्घाटन सिवान के जिलाधिकारी (DM) श्री विजय प्रकाश मीणा द्वारा किया गया। आगामी तीन दिनों तक यह मोबाइल पासपोर्ट वैन सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में ही खड़ी रहेगी, जहां स्लॉट बुक करा चुके आवेदकों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन (Document Verification) किया जाएगा।
कैंप की मुख्य विशेषताएं और नागरिकों को लाभ -
इस विशेष कैंप के आयोजन से जिले के उन नागरिकों और युवाओं को भारी राहत मिली है जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से विदेश जाने के इच्छुक हैं।
कैंप की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:
अतिरिक्त स्लॉट्स की व्यवस्था: इस कैंप के तहत प्रतिदिन 55 आवेदकों के सत्यापन का लक्ष्य रखा गया है, जिससे तीन दिनों में कुल 165 अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं।
लंबी प्रतीक्षा से मुक्ति: अब तक जिले के लोग केवल डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) पर निर्भर थे। सीमित स्लॉट के कारण होने वाली लंबी प्रतीक्षा सूची से इस कैंप के जरिए बड़ी राहत मिली है।
समय और संसाधनों की बचत: स्थानीय स्तर पर ही दस्तावेज़ सत्यापन की सुविधा मिलने से नागरिकों को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (पटना) के बार-बार चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।
भविष्य की उम्मीदें: स्थानीय नागरिकों एवं जिला प्रशासन ने इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि RPO द्वारा समय-समय पर ऐसे कैंप पुनः आयोजित किए जाएंगे ताकि प्रक्रिया और अधिक सुलभ हो सके।
आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश एवं अपील -
प्रशासन द्वारा उन सभी आवेदकों से विशेष अपील की गई है जिन्होंने 23, 24 एवं 25 अगस्त के लिए अपने स्लॉट सफलतापूर्वक बुक कर लिए हैं। ऐसे सभी आवेदक अपने निर्धारित दिन और समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों (Original Documents) के साथ सिवान सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मोबाइल वैन पर पहुंचें। नियत समय पर उपस्थिति दर्ज कराकर आवेदक इस विशेष सुविधा का सुगमता से लाभ उठा सकते हैं।
प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी,
सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
#passport
32 views | Siwan, Bihar | Aug 23, 2026