आज दिनांक-29.09.2026 को श्री विजय प्रकाश मीणा, भा0प्र0से0, जिला पदाधिकारी, सिवान की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला दिव्यांगजन कोषांग, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं बुनियाद केन्द्र की संयुक्त रूप से मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी।
बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा PM-AJAY योजना के तहत जिलान्तर्गत स्वीकृत छात्रावासों के निर्माण हेतु भूमि का प्रस्ताव, श्री गुरू संत रविदास समरसता संकल्प अभियान की आवेदनों की स्थिति, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित धारा 275(1) के तहत प्रस्ताव उपलब्ध कराने, सावित्री बाई फुले बालिका छात्रावास के निर्माण हेतु प्रस्ताव के साथ साथ जीरादेई प्रखंड अंतर्गत भैंसाखाल में निर्माणाधीन डा0 अंबेदकर आवासीय विद्यालय आदि के बारे में विस्तृत जानकारी जिला कल्याण पदाधिकारी से लिया गया। तत्पश्चात् उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को निदेश दिया कि निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय का सप्ताहिक निरीक्षण कर पूर्णता की तिथि को ध्यान में रखते हुए कार्यकारी एजेंसी से समन्वय स्थापित कर प्रति सप्ताह कार्य में प्रगति की समीक्षा करें। अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया कि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं पर गंभीरता पूर्वक कार्य करें।
जिलाधिकारी द्वारा दिव्यांगजन एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग तथा बुनियाद केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार के योजनाओं की समीक्षा के क्रम में यथा-मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बिहार राज्य निःशक्तता पेंशन योजना एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के बारे में अद्यतन जानकारी ली गयी तथा अन्य विभिन्न प्रकार के प्रखंडवार लंबित आवेदनों का डाटा तैयार कर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर निष्पादन कराने का निदेश दिया गया। समीक्षा के क्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा संचालित संबल योजना अंतर्गत बैटरी युक्त ट्राई साइकिल एवं कृत्रिम सहायक उपकरण को योग्य दिव्यांगजनों के बीच विशेष शिविर का आयोजन कर उन्हें लाभान्वित करने का संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया गया। उन्होंने सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई को निदेश दिया कि दूसरे जिले के बच्चें एवं बच्चियां जो सिवान में आवासन में हैं के संबंध में बाल कल्याण समिति एवं संबंधित जिला के विभागीय पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें संबंधित जिले में भेजने की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया कि अगली बैठक में विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं के बारें में अद्यतन प्रतिवेदन के साथ भाग लेना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक के दौरान उप निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई-सह-दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, प्रभारी पदाधिकारी, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित संबंधित कार्यालयों के कर्मी आदि उपस्थित रहे।
प्रभारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
28 views | Siwan, Bihar | Sep 29, 2026