मप्र परिवहन विभाग के सचिव और जनसम्पर्क आयुक्त श्री सिंह ने रायसेन में जिला परिवहन कार्यालय का किया निरीक्षण
परिवहन कार्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नागरिकों को त्वरित और बेहतर सेवाएं देने के दिए निर्देश
–––
–––
मप्र परिवहन विभाग के सचिव और जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त श्री मनीष सिंह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत रायसेन में जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों और पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए परिवहन सेवाओं के संचालन की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने कार्यालय में संधारित किए जा रहे अभिलेखों का अवलोकन किया और दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सरल, सुगम और समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। परिवहन विभाग के सचिव श्री सिंह ने कार्यालयीन स्टाफ से चर्चा कर कामकाज के दौरान आने वाली समस्याओं और कार्यप्रणाली से जुड़ी कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी श्री रितेश तिवारी एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के कार्यों को प्राथमिकता और गंभीरता से करें और सेवाओं के प्रदायगी में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही कार्यालय की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिये कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यप्रणाली को प्रभावी तथा नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner
25 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026