चतुर्थ चरण का मतदान कराने दल रवाना, पर्यवेक्षक बोले- निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाएं : जालोर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के चतुर्थ चरण के तहत शुक्रवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। पंचायत समिति रानीवाड़ा, बागोड़ा और सरनाऊ में जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य तथा पंच-सरपंच पदों के लिए चुनाव होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जैन ने अधिकारियों-कर्मचारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ मतदान संपन्न करवाने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने भी निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की बात कही। वीर वीरमदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम, वीवीपैट, मतपत्र और अन्य चुनाव सामग्री देकर निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह चांदावत और सीईओ नंद किशोर राजोरा सहित अधिकारी मौजूद रहे।
Jalor, Jalor | Nov 13, 2026