बाबा की अभद्र टिप्पणी पर वाल्मीकि समाज में आक्रोश, गलती मानकर बाबा ने मांगी माफी
उरई में वाल्मीकि समाज के बीच पहुंचे बाबा शिवाकांत तिवारी, महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर जताया खेद
जितेंद्र गुप्ता ✍️। उरई
उरई शहर में बाबा शिवाकांत तिवारी के गणेश दरबार में भक्त से बातचीत के दौरान की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर वाल्मीकि समाज में आक्रोश देखने को मिला। मामला तूल पकड़ने के बाद बाबा शिवाकांत तिवारी उरई स्थित होटल रीजेंसी के पास वाल्मीकि समाज के लोगों के बीच पहुंचे और अपनी टिप्पणी को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
दरअसल, गणेश दरबार में बाबा ने एक भक्त से माचिस की तीली गिनने को कहा था। भक्त ने माचिस में 16 तीलियां होने की बात कही, जिसके बाद बाबा ने कथित तौर पर कहा कि अगर 16 तीलियां निकलीं तो वह देवता है और अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह ‘भंगी’ है। बाबा की इस भाषा को लेकर वाल्मीकि समाज में नाराजगी फैल गई।
समाज के बीच पहुंचे बाबा ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी किसी जाति, धर्म या समाज को निशाना बनाकर नहीं की गई थी।
बाबा ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर तिलक लगाया, पुष्पमाला पहनाई और अगरबत्ती अर्पित कर चरण स्पर्श किए। इसके बाद उन्होंने समाज के लोगों से भी माफी मांगी।
बाबा ने कहा कि उन्होंने स्वयं किसी किताब या डिक्शनरी में ऐसा नहीं पढ़ा कि ‘भंगी’ शब्द में कोई जाति जुड़ी हुई है। उन्होंने माना कि उनसे गलती हुई है और अपनी भाषा शैली पर खेद जताया। बाबा ने यह भी कहा कि उस समय उनके अंदर एक शक्ति आई, जिसकी वजह से उनके मुंह से यह शब्द निकल गया।
अपनी गलती स्वीकार करते हुए बाबा शिवाकांत तिवारी ने वाल्मीकि समाज समेत सर्व समाज से माफी मांगकर मामले को शांत करने की अपील की।
#Orai #Jalaun #ValmikiSamaj #UP92 #ValmikiCommunity #ShivakantTiwari #OraiNews #JalaunNews #LocalNews #UttarPradeshNews #SocialHarmony #CommunityNews #BreakingNews #BolDoBharat #NewsUpdate #spjalaun #PublicReaction #dmjalaun #jalaunnews
Orai, Jalaun | Aug 16, 2026