दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरणों का मापन कैंप, 89 बच्चे चिन्हित
124 सहायक उपकरणों के लिए हुआ पंजीकरण, एलिम्को कानपुर की टीम ने किया परीक्षण
उरई। दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की पहल के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय उसरगांव में मापन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग और एलिम्को कानपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में चार विकासखंडों व दो नगर क्षेत्रों से पहुंचे 89 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण कर 124 उपकरणों के लिए चयन किया गया।
शिविर में महेवा, कदौरा, डकोर विकासखंड के साथ नगर क्षेत्र कालपी और उरई के दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने बच्चों की शारीरिक एवं आवश्यकताओं के अनुसार उपकरणों का परीक्षण किया। चयनित बच्चों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कैलीपर्स, ब्रेल किट, रोलेटर, सीपी चेयर, हियरिंग एड और टीएलएम किट सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी के निर्देश पर जिला समन्वयक शिवदीन चौधरी के नेतृत्व में स्पेशल एजुकेटरों ने बच्चों के पंजीकरण और मापन की प्रक्रिया में सहयोग किया। एलिम्को कानपुर की टीम में गौरव कुमार, ऑडियोलॉजिस्ट राजू कुमार, विश्वास मसीह और डाटा मैन मुकेश कुमार शामिल रहे। टीम ने बच्चों का परीक्षण करने के साथ उनका ऑनलाइन पंजीकरण भी किया।
शिविर को सफल बनाने में स्पेशल एजुकेटर संदीप दीक्षित, दीपक पांडे, मनीष कुमार, वर्षा बिश्नोई, कपूरी देवी, जगत सिंह पाल, ब्रह्मानंद और अंकित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा मायादेवी, मनोज कुमार, विकास कुमार वर्मा, रामजीलाल श्रीवास्तव, कमलेश कुशवाहा, अर्चना यादव, आरती सिंह और गोमती देवी ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
Orai, Jalaun | Sep 19, 2026