आईटीआई उरई में मोटिवेशनल प्रोग्राम, कैरियर काउंसलिंग और रोजगार मेले का आयोजन
रोजगार मेले में 20 अभ्यर्थियों का चयन, चयनित अभ्यर्थियों को दिए गए ऑफर लेटर
उरई/जालौन। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई में 21 सितंबर 2026 को मोटिवेशनल प्रोग्राम, कैरियर काउंसलिंग एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई के प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को रोजगार के अवसरों, कैरियर विकल्पों और औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों को रोजगार एवं कैरियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
रोजगार मेले में टेक्नीको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधि शैलेन्द्र परिहार ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार के आधार पर 13 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
इसी क्रम में अरविंद लिमिटेड, वाराणसी के प्रतिनिधि अतुल पाण्डेय ने ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से 7 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया। इस प्रकार रोजगार मेले के माध्यम से कुल 20 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें अपने कैरियर के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कालपी एवं माधौगढ़ में भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मोटिवेशनल प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थानों के प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया।
Orai, Jalaun | Sep 21, 2026