रंगमंच पर दिखेगी 25 साल की सेवा यात्रा, जालौन में होंगे ‘नमो सेवा; अनकही कहानियाँ’ के 20 नाट्य मंचन
22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर होंगे कार्यक्रम, संवाद-संगीत और अभिनय के जरिए प्रस्तुत होगी सेवा यात्रा
उरई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जालौन में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले में 20 स्थानों पर विशेष नाट्य मंचन किए जाएंगे।
कार्यक्रम को लेकर झलकारी बाई सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी और विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित रहीं। प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी गई।
आयोजकों के अनुसार, 22 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच जिले के विभिन्न स्थानों पर नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा को नाटक, संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के जरिए दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
नाट्य प्रस्तुति में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को केंद्र में रखा जाएगा। साथ ही जनकल्याण, सुशासन, सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर जीवंत करने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि जिले में कुल 20 स्थानों पर नाटक का मंचन किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से संवाद स्थापित करने की योजना है।
‘नमो सेवा—अनकही कहानियाँ’ को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप में तैयार किया गया है। कुशल कलाकार अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से सेवा यात्रा से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
भाजपा की ओर से बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाना है। इसी क्रम में कला और नाट्य को जनसंवाद का माध्यम बनाया गया है।
इस दौरान अमित निरंजन, विवेक कुशवाहा, पुष्पेंद्र सेगर, प्रशांत द्विवेदी, अशोक राठौर, रामानुग्रह राजावत, मनोज यादव, विनियन द्विवेदी , वीर प्रताप जादौन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Sep 20, 2026