दुनिया के बाजार में जालौन की दस्तक, UPITS-2026 में पांच उद्यमी करेंगे प्रतिनिधित्व
उरई/जालौन। बुंदेलखंड की पहचान और स्थानीय हुनर को वैश्विक मंच देने की दिशा में जालौन अब एक और कदम आगे बढ़ा है। 24 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 में जालौन के पांच उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। 80 देशों की भागीदारी वाले इस आयोजन में जिले के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर उद्योग विभाग द्वारा स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और बाजार विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जालौन के पांच प्रतिभागियों को ट्रेड शो में स्टॉल आवंटित किए गए हैं।
इनमें हाथ कागज संघ कालपी के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ओडीओपी एवं जीआई टैग श्रेणी में कालपी के प्रसिद्ध हाथ कागज उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। अमन चंदेल लकड़ी के खिलौने, राधा पाण्डेय गौ-निर्मित उत्पाद, अखिलेश पाल ओडीओसी के अंतर्गत रसगुल्ला व गुझिया तथा शौर्य कुमार सिंह (अनुरागिनी संस्थान, कालपी) हाथ कागज उत्पादों के साथ प्रतिभाग करेंगे।
उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर के अनुसार, UPITS-2026 जालौन के उद्यमियों के लिए केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नए खरीदारों, व्यापारिक संपर्कों और बाजार विस्तार का बड़ा अवसर है। प्रदेश सरकार की ओर से ओडीओपी, जीआई टैग, सीएम युवा एवं ओडीओसी श्रेणी के प्रतिभागियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही परिवहन पर 75 प्रतिशत तक किराया प्रतिपूर्ति का प्रावधान है।
कालपी का हाथ कागज, लकड़ी के खिलौने, गौ-निर्मित उत्पाद और स्थानीय खाद्य सामग्री के जरिए जालौन अपनी विविध उत्पाद क्षमता, स्थानीय हुनर और उद्यमिता को दुनिया के सामने रखेगा। यह भागीदारी जिले के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार व उद्योग विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
#Jalaun #UPITS2026 #UPInternationalTradeShow #Kalpi #HandmadePaper
District Magistrate/District Election Officer, Jalaun
Orai, Jalaun | Sep 21, 2026