25 सितंबर को उरई में होगी किसान महापंचायत, जुटने का आह्वान
मुसमरिया में हुई किसान बैठक में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने किसानों से की एकजुट होने की अपील
उरई/जालौन। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 25 सितंबर को उरई स्थित गल्ला मंडी परिसर में विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत को लेकर शनिवार को ग्राम पंचायत मुसमरिया के राधाकृष्ण मंदिर परिसर में किसान बैठक आयोजित की गई। बैठक में ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि किसानों की फसलों के उचित दाम, बकाया भुगतान और खेती-किसानी से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए उरई में किसान महापंचायत आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करना जरूरी है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे 25 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे उरई की गल्ला मंडी परिसर में आयोजित किसान महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली, वाहनों और साथियों के साथ महापंचायत में शामिल होकर किसान एकता का परिचय दें।
बैठक में किसानों की प्रमुख समस्याओं में फसलों के उचित मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी, आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान तथा सिंचाई के लिए बिजली और खाद की उपलब्धता सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। आयोजकों ने महापंचायत को किसानों की समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने का मंच बताया।
बैठक में श्री श्री 1008 पूज्य महंत अमरदास महाराज, राजू सिंह बनाफर (तहसील अध्यक्ष), चंद्रपाल सिंह गुर्जर (ब्लॉक अध्यक्ष), अजयपाल सिंह, जेंटर सिंह, अर्जुन सिंह, रामराज सिंह, रामजी सिंह, अश्विनी तिवारी, रामकुमार मुसमरिया, ध्रुव सिंह, संजू पाल, गुन्नू, सुरेश सिंह, कौशल सिंह, गोपी, मुंदर सिंह, लक्ष्मण सिंह, रामपाल, छुटकन, लालजी, वीरपाल सिंह, प्रताप सिंह, लियाकत अली, जसवंत सिंह, सुरेश श्रीवास सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
आयोजक भारतीय किसान यूनियन, जनपद जालौन ने किसानों से 25 सितंबर को उरई पहुंचकर किसान महापंचायत में सहभागिता करने की अपील की है।
Orai, Jalaun | Sep 19, 2026