विद्यालयों में बढ़ेंगी स्काउट-गाइड गतिविधियां, नदी स्वच्छता के लिए बच्चों को किया जाएगा जागरूक
जहानाबाद। विद्यालय स्तर पर बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों के विस्तार और नदी स्वच्छता को लेकर सोमवार को जिला शिक्षा कार्यालय सभागार में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक हुई। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक में स्काउट-गाइड के प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने और नदी किनारे स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों के माध्यम से नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) अमित कुमार ने विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों को व्यापक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड से जोड़ने से उनमें अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, सामाजिक दायित्व और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित होगी। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में भी स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने नदी किनारे स्थित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से बच्चों और शिक्षकों के माध्यम से नियमित रूप से नदी स्वच्छता को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का अनुरोध किया। विद्यार्थियों को नदी में कूड़ा-कचरा नहीं डालने, नदी और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा परिवार एवं समुदाय को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गोविंद कुमार ने विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से जोड़ने और गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक और एक शिक्षिका को नामित कर उनका नाम सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी नैनिका कुमारी के पास उपलब्ध कराने को कहा गया।
नामित शिक्षकों के माध्यम से विद्यालयों में स्काउट-गाइड इकाइयों का विस्तार, प्रशिक्षण, स्वच्छता जागरूकता, नदी संरक्षण और जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यक्रमों में कैडेटों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में प्रधानाचार्यों से विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए स्काउट-गाइड गतिविधियों एवं नदी स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गोविंद कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी अमित कुमार, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा पदाधिकारी सच्चिदानंद प्रसाद, बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के मुख्य जिला आयुक्त कृष्ण मुरारी, जिला संगठन आयुक्त हरिशंकर कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।