बांधवगढ़ से निकला कॉलर वाला हाथी फिर आबादी में, किसान की मौत; मैहर-अमरपाटन में अलर्ट
मैहर। बांधवगढ़ नेशनल पार्क से माइग्रेट कर रहा कॉलर आईडी वाला जंगली हाथी सोमवार-मंगलवार की रात सिंगपुर मौहारी गांव में पहुंच गया। हाथी ने घर में सो रहे किसान कंछेदी यादव (50) पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हाथी ने दो घरों को नुकसान पहुंचाया और दो बकरियों की भी दबने से मौत हो गई। हाथी की लोकेशन कॉलर आईडी से लगातार ट्रैक की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार यह हाथी मार्च से अब तक अमरपाटन, मुकुंदपुर और मैहर क्षेत्र में चार बार माइग्रेट कर आबादी के करीब पहुंच चुका है। फिलहाल इसकी लोकेशन देवराजनगर के आसपास बताई गई है। बगदरी, गिधैला, गोरसारी, देवरा मोलहाई, किरहाई, मनकहरी, बाराखुर्द और पठरा समेत आसपास के गांवों में अलर्ट किया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में जाने और हाथी का फोटो-वीडियो बनाने के लिए उसके करीब जाने से सख्ती से बचने की अपील की है।#मैहर #जंगली