समय से उपस्थित नहीं होने पर 13 कानूनगो का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश
#देवरिया, 05 सितंबर।
सदर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में समय से उपस्थित नहीं होने पर जिलाधिकारी ने 13 कानूनगो का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और सभी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 42 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 24 राजस्व, सात पुलिस, दो विकास तथा नौ अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। इनमें से नौ प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्षों को शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। DM Deoria