दीपावली से पहले शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रोहड़ू और ठियोग में भारी मात्रा में पटाखे बरामद
बिना लाइसेंस दुकानों और स्टोर में किया जा रहा था पटाखों का अवैध भंडारण, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शिमला। दीपावली के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने रोहड़ू और ठियोग में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। दोनों ही मामलों में आरोपी पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रोहड़ू बाजार में 2 नवंबर को गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अजय कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय मिठू राम निवासी अपर बाजार रोहड़ू अपनी दुकान में बिना वैध लाइसेंस के विभिन्न प्रकार के पटाखों का भंडारण और बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान की तलाशी ली। इस दौरान दुकान से पटाखों के कुल 577 पैकेट से भरे छह गत्ते के कार्टन बरामद किए गए। आरोपी पटाखों के कारोबार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 119/2026 दिनांक 02.11.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस चौकी फागू की टीम 2 नवंबर को चेओग बस स्टैंड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओम प्रकाश (38) पुत्र मोती लाल निवासी चेओग, ठियोग अपने स्टोर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रहा है। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीसरे कमरे में रखे गत्ते के कार्टन से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। आरोपी भी पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 164/2026 दिनांक 02.11.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद पटाखों को नियमानुसार कब्जे में लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(b) के तहत कार्रवाई की है। दोनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है।
जिला पुलिस शिमला ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण, वितरण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।