बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राहत शिविरों का लिया जायजा
अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और पीड़ितों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का दिया निर्देश
लखीसराय/बड़हिया। जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को बड़हिया प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मंत्री सबसे पहले जगनानी धर्मशाला एवं लोहिया चौक हाई स्कूल स्थित राहत शिविर पहुंचे। उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधा संवाद किया और भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, साफ-सफाई, बिजली तथा सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद कृषि मंत्री ने खूँटहा डीह, खूँटहा चेतन टोला, जैतपुर एवं लाल दियारा सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलजमाव, आवागमन तथा लोगों की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाए। राहत कार्यों की नियमित निगरानी के साथ जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, जिला मंत्री अमित कुमार, अभिषेक सिंह, मंडल अध्यक्ष अमित कुमार, शंकर सिंह, मंटू नटराज, सिकन्दर कुमार सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।