प्रभारी सचिव ने बाढ़ प्रभावितों के लिए की गई व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बड़हिया। लखीसराय जिले के प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने सोमवार को बड़हिया स्थित जगनानी धर्मशाला का निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए की गई स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, पेयजल, आवासन समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के क्रम में प्रभारी सचिव ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
मौके पर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, नगर परिषद बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष आनंद चौधरी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।